गरिमामय समारोह में लायंस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, मानव सेवा के साथ पशु-पक्षी सेवा का दिया संदेश
अलवर। लायंस क्लब अलवर मत्स्य का 22वां इंस्टॉलेशन समारोह होटल बिलखा रिसोर्ट में अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में वर्ष 2025-26 की टीम के सेवा एवं सामाजिक कार्यों की समीक्षा की गई, वहीं वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का विधिवत इंस्टॉलेशन किया गया। नई टीम में लायन विनोद अग्रवाल को अध्यक्ष, लायन मृदुल खंडेलवाल को सचिव और लायन अनिल बंसल को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। विभिन्न क्लबों से पहुंचे लायन लीडर्स का भी अभिनंदन किया गया।
क्लब की अध्यक्ष एमजेएफ लायन डॉ. मंजू अग्रवाल ने बैठक के विधिवत प्रारंभ की घोषणा की। कार्यक्रम में लायन प्रीति यादव ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात विश्व शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया और राष्ट्रगान हुआ।
नई कार्यकारिणी ने संभाला सेवा का दायित्व
समारोह के प्रमुख आकर्षण के रूप में वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का इंस्टॉलेशन किया गया। पीडीजी पीएमजेएफ लायन विनोद गोयल ने इंस्टॉलेशन ऑफिसर के रूप में नई टीम को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में लायन विनोद गोयल ने कहा कि लायनिज्म से जुड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपनी विचारधारा में सेवा का व्यापक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के साथ-साथ पशु-पक्षियों की सेवा भी सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसी सेवा भावना के साथ क्लब से जुड़ना चाहिए।
गत वर्ष के सेवा कार्यों की हुई समीक्षा
अध्यक्ष एमजेएफ लायन डॉ. मंजू अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा किए गए सेवा एवं सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इसके बाद क्लब की सचिव लायन सुधा अग्रवाल ने वर्षभर की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष डॉ. मंजू अग्रवाल ने एमजेएफ लायन डॉ. वी.के. अग्रवाल के साथ मिलकर सभी क्लब साथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों को टोकन ऑफ रिगार्ड के रूप में उपहार भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
तत्पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन विनोद अग्रवाल ने अपने कार्यकाल की योजनाओं और आगामी वर्ष के विजन को “My Year” प्रस्तुति के माध्यम से साझा किया।
सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान
जोन चेयरपर्सन लायन हीरालाल गुप्ता ने नई टीम को बधाई देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। रीजन चेयरपर्सन लायन ललित शर्मा ने सभी सदस्यों को एकजुट होकर सक्रिय भागीदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पीडीजी एमजेएफ लायन शशि गोयल ने कहा कि लायंस क्लब अलवर मत्स्य द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट सेवा कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन अब क्लब को स्थायी प्रोजेक्ट्स पर भी कार्य करना चाहिए। पीडीजी एमजेएफ लायन सुभाष जोशी ने नए सदस्यों को लायनिज्म की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों से परिचित कराने के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
इंडक्शन ऑफिसर पीडीजी एमजेएफ लायन शकुंतला गोयल ने नई टीम एवं नए सदस्यों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि क्लब से जुड़ने के साथ सामाजिक दायित्व और बढ़ जाता है तथा सभी को मानव सेवा के लिए तत्पर रहना चाहिए।
अतिथियों ने की क्लब के कार्यों की सराहना
समारोह के मुख्य वक्ता पीडीजी लायन मानक चंद गुप्ता ने लायंस के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने क्लब के सदस्यों को अब और अधिक सेवा कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसवीडीजी लायन सी.एस. तोमर ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को सफल एवं जनहितकारी कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान गत वर्ष की टीम के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। क्लब की ओर से मुख्य अतिथि, इंडक्शन ऑफिसर, की-नोट स्पीकर एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन लायन संध्या अग्रवाल एवं लायन महेश धानावत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम संयोजक एमजेएफ लायन रामबाबू गुप्ता ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
बैठक का समापन नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन विनोद अग्रवाल द्वारा किया गया। समारोह के उपरांत सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में रात्रि भोज का आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लायंस सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


