लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं, वार्ड 22 में लोगों में बढ़ा आक्रोश
अलवर। शहर के वार्ड नंबर 22 स्थित भैरू का चबूतरा क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को हालात ऐसे रहे कि कई घरों में बदबूदार और दूषित पानी भर गया, जिससे क्षेत्रवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन बीते कुछ दिनों में स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है। लोगों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में यही दूषित पानी उपयोग में लेना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
क्षेत्र के निवासी टहला और मदन लाल गुर्जर ने बताया कि पिछले 5-6 महीनों से पानी की समस्या बनी हुई है, जबकि बीते 5 दिनों से सप्लाई में अत्यंत गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पाइपलाइन की खुदाई कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दूषित पानी पीने के कारण बच्चों और बुजुर्गों में उल्टी-दस्त जैसी बीमारियां फैल रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, साथ ही जनप्रतिनिधियों और मंत्री संजय शर्मा तक भी अपनी समस्या पहुंचाई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम से बचा जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


