लक्ष्मणगढ़ दौरे में विकास कार्यों का लोकार्पण, डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का किया आह्वान
अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने खोहरा मलावली ग्राम पंचायत भवन के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य, ग्राम खोहरा स्थित पशु चिकित्सालय, नव निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन, सर्वसमाज मोक्षधाम तथा सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार अलवर सहित पूरे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और डेयरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है, उनसे क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनसहभागिता को भी आवश्यक बताया।
डिजिटल लाइब्रेरी का किया अवलोकन, विद्यार्थियों से किया संवाद
केंद्रीय मंत्री ने लक्ष्मणगढ़ की पुरानी सब्जी मंडी स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय को ई-गुरुकुल प्रोजेक्ट के तहत विकसित डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने वहां अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित लाइब्रेरी उपलब्ध कराने पर उनका आभार व्यक्त किया।

बाबा प्रयागराज जी महाराज मेले में हुए शामिल
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री यादव ने बाबा प्रयागराज जी महाराज मेले में शिरकत कर शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक मेले, पर्व और उत्सव समाज में भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
केंद्रीय मंत्री ने लक्ष्मणगढ़ के चंद्रशेखर पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक योगदान सुनिश्चित हो सके।
इसके बाद उन्होंने ग्राम शेरपुर स्थित लालदास जी महाराज मंदिर में दर्शन कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा रामगढ़ क्षेत्र के ग्राम सोनार में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, बन्नाराम मीणा, संजय नरूका, ऋषिराज शर्मा, देशराज खरेरा, इन्द्र यादव, खोहरा मलावली सरपंच गोपेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


