कठूमर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने हेतु मंदिर सौंदर्यकरण और ड्रेनेज कार्यों के लिए मांगी करोड़ों की राशि
कठूमर। विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश खींची ने बजट सत्र 2026-27 के दौरान माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार को पत्र लिखकर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि कठूमर विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि से अभी भी पिछड़ा हुआ है, इसलिए आवश्यक परियोजनाओं को आगामी बजट में शामिल किया जाना जरूरी है।
विधायक खींची ने क्षेत्र की जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धार्मिक स्थलों के सौंदर्यकरण, ड्रेनेज सिस्टम सुधार और सड़क चौड़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति की मांग की है।
मंदिर मां देवी धौलागढ़ के लिए 5 करोड़ की मांग
विधायक ने पत्र में लिखा कि मां देवी धौलागढ़ मंदिर एक प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिवर्ष देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। यहां प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन भी होता है। उन्होंने मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण, नवीन धर्मशाला निर्माण, सड़कों की मरम्मत व नई सड़क निर्माण सहित आवश्यक सुविधाओं के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।
श्री घाटा भांवर हनुमान जी मंदिर के लिए 3 करोड़ रुपये
श्री घाटा भांवर हनुमान जी महाराज मंदिर भी क्षेत्र का प्राचीन धार्मिक स्थल है। यहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। विधायक ने मंदिर परिसर के विकास, धर्मशाला निर्माण, सड़क सुविधा और सौंदर्यकरण के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग रखी है।
खेडली कस्बे में ड्रेनेज सिस्टम के लिए 5 करोड़
नगरपालिका खेडली क्षेत्र में पानी निकासी की गंभीर समस्या को उठाते हुए विधायक खींची ने 5 करोड़ रुपये की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1952 से स्थापित इस कस्बे में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है। पानी की उचित निकासी नहीं होने से कस्बा जलमग्न हो जाता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ड्रेनेज सिस्टम के तहत समुचित निकासी कार्य अत्यंत आवश्यक है।
कठूमर कस्बे में ड्रेनेज सुधार के लिए 3 करोड़
उपखंड स्तर के कस्बा कठूमर में भी पानी निकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। वर्षा के समय चारों ओर पानी भर जाने से आमजन को दिक्कत होती है। विधायक ने ड्रेनेज सिस्टम सुधार के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराने का आग्रह किया है ताकि स्थायी समाधान हो सके।
कठूमर से डेहरा मोड़ सड़क चौड़ीकरण की मांग
विधायक ने कठूमर से डेहरा मोड़ तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग भी की है। उन्होंने “कठूमर से डेहरा मोड़ सड़क निर्माण कार्य वाया मसरूथल होते हुए अटारी के रास्ते” मुख्य मार्ग के विकास को सुगम यातायात के लिए आवश्यक बताया है। इससे क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक रमेश खींची ने अपने पत्र में विशेष रूप से ड्रेनेज सिस्टम के लिए खेडली को 5 करोड़ तथा कठूमर को 3 करोड़ रुपये स्वीकृत करने पर जोर दिया है, ताकि वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि सरकार बजट सत्र 2026-27 में इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की जनता को राहत प्रदान करेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


