More
    Homeराजस्थानअलवरविधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

    विधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

    बीएल पब्लिक स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर के दौरान छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव बताए, स्वस्थ जीवन अपनाने का दिया संदेश

    अलवर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) अलवर की ओर से ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान (जुलाई-2026) के तहत मंगलवार को बीएल पब्लिक स्कूल, अलवर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए “नशे को ना कहो, अपने सपनों को हाँ कहो” और “नशा कोई स्टाइल नहीं, अपने मन, शरीर और भविष्य की रक्षा करो” का संदेश दिया गया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शिविर के मुख्य अतिथि मोहनलाल सोनी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, अलवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विभिन्न प्रकार के नशों, उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

    उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को अभी से नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित, स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम का परिचय मुबीन खान ने प्रस्तुत किया। वहीं मनोज यादव, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल, अलवर ने ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विधिक जागरूकता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानूनी जानकारी नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाती है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

    कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुमन बिलखा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    कार्यक्रम का मंच संचालन कंचन कौशिक ने किया। शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशे से दूर रहने की शपथ ली।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here