नौगांव पुलिस जुटी कारणों की पड़ताल में, विवाहिता की मौत के मामले में जांच शुरू
अलवर। अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय विवाहिता की जहरीली दवा का सेवन करने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरपुर गांव निवासी फरजाना का निकाह 25 जुलाई 2024 को हरियाणा के नूंह जिले के झिरका फिरोजपुर निवासी वसीम के साथ हुआ था। वसीम पेशे से ट्रक चालक है और पिछले करीब ढाई महीने से काम के सिलसिले में घर से बाहर था। इस दौरान फरजाना अपने पीहर शेरपुर में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम को फरजाना ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा सेलफोस का सेवन कर लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार फरजाना के निकाह की दूसरी वर्षगांठ को अभी एक सप्ताह ही हुआ था। इस दुखद घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


