दूध और दुग्ध उत्पादों के पोषण लाभों के प्रति लोगों को किया जागरूक, हजारों नागरिकों तक पहुंचाने का लक्ष्य
अलवर। विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर अलवर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (सरस डेयरी) की ओर से शहर में विशेष जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर निःशुल्क छाछ एवं लस्सी वितरण शिविर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर छाछ का सेवन किया।
इस अवसर पर सरस डेयरी द्वारा आमजन को दूध एवं दुग्ध उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। शिविरों में उपस्थित लोगों को संतुलित आहार में दूध की भूमिका, उसके पोषण संबंधी लाभ तथा सरस उत्पादों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी दी गई। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को निःशुल्क छाछ वितरित की गई, जिससे लोगों को राहत मिली।
सरस डेयरी के मार्केटिंग प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि विश्व दुग्ध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को दूध एवं दुग्ध उत्पादों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरस डेयरी गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का भी नियमित आयोजन करती है। विश्व दुग्ध दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने सरस डेयरी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में निःशुल्क छाछ वितरण से आमजन को राहत मिल रही है। पूरे दिन चले इस अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और विश्व दुग्ध दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


