अलवर में स्तनपान जागरूकता कार्यशाला, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को मातृ-शिशु स्वास्थ्य की दी जानकारी
अलवर। विश्व स्तनपान सप्ताह के समापन अवसर पर अलवर ऑब्स एंड गायने सोसायटी ने गायत्री मंदिर परिवार के सहयोग से स्तनपान जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिले की लगभग 70 से 80 एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्तनपान से जुड़ी नवीनतम जानकारी देकर समुदाय में माताओं को सही परामर्श देने के लिए प्रेरित करना था।
विशेषज्ञों ने बताया स्तनपान का महत्व
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा गुप्ता ने कहा कि माँ का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम आहार है। यह शिशु को प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है तथा संक्रमण और दस्त जैसी बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि स्तनपान माँ के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नंदिनी शर्मा एवं डॉ. देवयानी राणावत ने स्तनपान के दौरान महिलाओं को होने वाली सामान्य समस्याओं, उनके कारणों और प्रभावी प्रबंधन की जानकारी दी।
संतुलित आहार और गर्भ संस्कार पर भी हुआ मार्गदर्शन
अलवर ऑब्स एंड गायने सोसायटी की सचिव डॉ. ऋतिका गुप्ता ने स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा पर्याप्त जल सेवन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि माँ का अच्छा पोषण शिशु के स्वस्थ विकास के लिए भी आवश्यक है।
गायत्री परिवार की डॉ. सरोज गुप्ता ने गर्भावस्था के दौरान गर्भ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह गर्भस्थ शिशु के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
एनीमिया रोकथाम और एचबी जांच पर दिया गया जोर
कार्यक्रम में गर्भावस्था के दौरान हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच के महत्व तथा एनीमिया की रोकथाम के लिए आयरन की गोलियों के नियमित सेवन और आयरन युक्त संतुलित आहार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर आयोजित शिविर में एएनएम कार्यकर्ताओं की हीमोग्लोबिन जांच भी की गई।
कार्यक्रम में अलवर ऑब्स एंड गायने सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. सरोज जैन, डॉ. मंजू शर्मा (आरसीएचओ, अलवर), डॉ. सरोज (बी. लाल लैब), अशोक, डॉ. मिथलेश गर्ग तथा गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


