More
    Homeराजस्थानजयपुरवीआईपी मूवमेंट के नाम पर गरीबों को इस तरह कुचलना किसी भी...

    वीआईपी मूवमेंट के नाम पर गरीबों को इस तरह कुचलना किसी भी सरकार का काम नहीं हो सकता- जूली

    प्रतापनगर पहुंचकर टीकाराम जूली ने पीड़िता से की मुलाकात, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

    जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली गुरुवार को जयपुर के प्रतापनगर स्थित व्यास अपार्टमेंट पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ घायल युवती रेशू गुप्ता और उसके परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा एवं पूर्व विधायक गंगा देवी भी शामिल रहीं।

    मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी साझा की। बताया गया कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान पुलिस द्वारा कथित रूप से फूड स्टॉल हटाए जाने की कार्रवाई में रेशू गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गई थी और उसका इलाज जारी है।

    मीडिया से बातचीत में टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीब और मेहनतकश लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवती अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए मेहनत कर रही है, तो उसके साथ हुई घटना के प्रति सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं आमजन के बीच रहने और वीआईपी संस्कृति से दूरी की बात करते हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी कार्रवाई के दौरान एक नागरिक गंभीर रूप से घायल हो जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

    टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को पर्याप्त सहायता और राहत नहीं मिली है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता को उचित मुआवजा और न्याय उपलब्ध कराया जाए।

    उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक का सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है तथा प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान आमजन के अधिकारों और संवेदनाओं का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here