अलवर जिला अस्पताल में 8 महीने से बिना वेतन सेवा दे रहीं सीनियर रेजिडेंट, व्यवस्था पर उठे भ्रष्टाचार के सवाल
अलवर। जिला अस्पताल में कार्यरत सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर ज्योति पिछले आठ महीनों से बिना वेतन अपनी सेवाएं देने को मजबूर हैं। लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें अब तक एक रुपये का भी भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
डॉ. ज्योति ने बताया कि उन्होंने 29 अगस्त 2025 को अपनी सेवाएं शुरू की थीं। शुरुआत में उनकी नियुक्ति भरतपुर में हुई थी, लेकिन करीब दो महीने बाद उनका स्थानांतरण अलवर जिला अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट पद पर कर दिया गया। अलवर में छह महीने से अधिक समय तक सेवाएं देने के बावजूद उनका वेतन अब भी भरतपुर कार्यालय से ही बन रहा है, लेकिन भुगतान प्रक्रिया लगातार अटकी हुई है।
उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कार्यालयों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार फाइल को निदेशालय में लंबित बताकर मामला टाल दिया जाता है।
डॉ. ज्योति ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की जाती है। उनका कहना है कि यदि “सुविधा शुल्क” दे दिया जाए तो वेतन तुरंत जारी हो सकता है। इस आरोप के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि मोबाइल रिचार्ज तक कराना मुश्किल हो गया है। अलवर में किराए के कमरे का खर्च उठाना भी चुनौती बन गया है। इसके बावजूद वे नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं और मरीजों की सेवा में लगी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार डॉ. ज्योति रोजाना पोस्टमार्टम कार्य, देर शाम तक अस्पताल सेवाएं और ऑन-कॉल ड्यूटी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मरीजों के प्रति अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हट रही हैं।
एक महिला डॉक्टर के साथ इस प्रकार की स्थिति सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामला मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर से जुड़ा होने के कारण भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल प्रशासनिक लापरवाही बल्कि स्वास्थ्य तंत्र में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को भी उजागर कर दिया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


