अपनाघर शालीमार में सर्वसम्मति से हुआ अध्यक्ष का चयन, समाज के सहयोग से धार्मिक गतिविधियों को नई गति देने का संकल्प
अलवर। अपनाघर शालीमार स्थित भगवान वासुपूज्य दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को आयोजित साधारण सभा में मंदिर अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से योगेश चंद जैन (पेट्रोल पंप वाले) को मंदिर समिति का नया अध्यक्ष चुना गया। उनके निर्वाचन पर समाज के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
जैन मंदिर के प्रवक्ता मुकेश कुमार जैन ने बताया कि वर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार जैन का कार्यकाल पूर्ण होने पर नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष के चुनाव के लिए साधारण सभा आयोजित की गई। सभा में सर्वसम्मति से योगेश चंद जैन के नाम पर सहमति बनी और उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार जैन ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए शालीमार जैन समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और विश्वास से ही मंदिर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का सफल संचालन संभव हो सका।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष योगेश चंद जैन ने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के सहयोग से मंदिर की धार्मिक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने समाज के प्रत्येक सदस्य से धार्मिक आयोजनों एवं सेवा कार्यों में सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से मंदिर और समाज दोनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
सभा के दौरान उपस्थित समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


