More
    Homeराजस्थानअलवरसमान नागरिक संहिता पर जिला स्तरीय जनसुनवाई, आमजन ने दिए सुझाव

    समान नागरिक संहिता पर जिला स्तरीय जनसुनवाई, आमजन ने दिए सुझाव

    अलवर में समान नागरिक संहिता को लेकर जनसुनवाई आयोजित, समावेशी कानून के लिए विभिन्न वर्गों ने रखे सुझाव

    अलवर। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में आगे की कार्यवाही के तहत शुक्रवार को मिनी सचिवालय में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में राज्य स्तरीय समिति के सदस्य एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संभाग स्तरीय जनसुनवाई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, विधिवेत्ताओं और आमजन ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि संविधान के भाग-4 में वर्णित राज्य के नीति निदेशक तत्वों के अंतर्गत अनुच्छेद-44 में सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता लागू करने का प्रयास करने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि यूसीसी का उद्देश्य धर्म, जाति अथवा समुदाय से परे सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक कानून लागू करना है।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान में विवाह, तलाक, संपत्ति के उत्तराधिकार, गोद लेने और भरण-पोषण जैसे मामलों में अलग-अलग व्यक्तिगत कानून लागू होते हैं। समान नागरिक संहिता का प्रमुख उद्देश्य इन मामलों में विशेष रूप से महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त कर उन्हें लैंगिक समानता एवं पुरुषों के समान अधिकार प्रदान करना है।

    डॉ. शुक्ला ने बताया कि प्रस्तावित प्रावधानों में विवाह एवं तलाक का अनिवार्य पंजीकरण, बहुविवाह पर रोक, लिव-इन रिलेशनशिप का अनिवार्य पंजीकरण तथा पैतृक संपत्ति में पुत्र और पुत्री को समान अधिकार जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जनसुनवाई के साथ-साथ राज्य सरकार की वेबसाइट पर भी अपने सुझाव दर्ज कर कानून को अधिक समावेशी एवं पारदर्शी बनाने में सहभागिता निभाएं।

    जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, विधिवेत्ताओं, सामाजिक संस्थाओं एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बहुविवाह पर रोक, लिव-इन रिलेशनशिप की वैधानिकता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, संपत्ति में महिलाओं के समान अधिकार तथा कानून के व्यावहारिक एवं न्यायपूर्ण स्वरूप सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव दिए। वक्ताओं ने यूसीसी को लेकर व्यापक जनसंवाद एवं जनजागरूकता अभियान को सकारात्मक पहल बताया।

    इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अंबालाल मीणा, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, प्रधान दौलतराम जाटव, घनश्याम गुर्जर, संजय नरुका, बन्नाराम मीणा, हरमिंदर सिंह मेहंदीरत्ता, के.जी. खंडेलवाल, अशोक वर्मा, प्रवीण शर्मा, शेर मोहम्मद, लेखराज शर्मा, गुलाम मोहम्मद, विजेंद्र खंडेलवाल सहित जिला स्तरीय समिति के सदस्य, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, विधिवेत्ता, सामाजिक संस्थाओं एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here