कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगा पीएम किसान कार्यक्रम, लाइव वेबकास्ट से जुड़ेंगे सम्मान निधि के लाभार्थी
अलवर। पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर, हुगली से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देशभर के लाभार्थी लाइव वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
अलवर जिले में भी इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान किसान एवं संबंधित अधिकारी प्रधानमंत्री के संबोधन और सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पीएम किसान योजना के जिला नोडल अधिकारी के रूप में माधव भारद्वाज को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कलक्ट्रेट के तहसीलदार (भू-अभिलेख) अशोक कुमार शर्मा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम के सुचारू संचालन, समन्वय और विभिन्न दायित्वों के निर्वहन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से पात्र किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जिला प्रशासन ने किसानों और संबंधित हितधारकों से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

