तेरह पंथी कोठी में मंगल कलश स्थापना के साथ चातुर्मास प्रारम्भ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
सम्मेद शिखरजी। शाश्वत तीर्थ सम्मेद शिखरजी स्थित तेरह पंथी कोठी में परम पूज्य आचार्य श्री वसुनन्दी जी महाराज के प्रभावक शिष्य उपाध्याय श्री बृषभानंद जी महाराज ससंघ के चातुर्मास वर्ष 2026 का विधिवत शुभारम्भ मंगल कलश स्थापना के साथ हुआ। समारोह का आयोजन 31 जुलाई को दोपहर एक बजे ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस दौरान सम्मेद शिखर कलश, पुष्पदंत कलश, पार्श्वनाथ कलश सहित कुल 11 कलश स्थापित किए गए।
अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि धर्मसभा में विभिन्न मंदिरों में विराजमान आचार्यों, साधुओं एवं आर्यिकाओं ने ससंघ सहभागिता की। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और धर्म जागृति संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रीति दीदी के मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर परंपराओं के प्रथमाचार्य चारित्र चक्रवर्ती आचार्य शांतिसागर जी महाराज तथा अंकलीकर आदि सागर जी महाराज के चित्रों का अनावरण किया। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का तिलक, माला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
चातुर्मास के लिए श्रद्धालुओं ने किया आग्रह
समारोह के दौरान उपाध्याय श्री बृषभानंद जी महाराज के चरणों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर तेरह पंथी कोठी, मधुबन में चातुर्मास करने का आग्रह किया। इस पर उपाध्याय श्री ने कहा कि जब पूज्य आचार्य श्री की सहमति प्राप्त हो चुकी है तो उनकी ओर से भी चातुर्मास के लिए सहमति प्रदान की जाती है। इसके बाद पूरा परिसर गुरुदेव के जयघोषों से गूंज उठा।
इन परिवारों को मिला कलश स्थापना का सौभाग्य
सम्मेद शिखर मंगल कलश स्थापित करने का सौभाग्य मुरैना के जैन परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं पुष्पदंत मंगल कलश स्थापित करने का अवसर विनोद जैन तार वाले परिवार को मिला। पार्श्वनाथ मंगल कलश की स्थापना सपना जैन, प्रीति विहार (दिल्ली) परिवार द्वारा की गई।
इसके अतिरिक्त 11 रजत कलशों की स्थापना कमलकुमार जैन, भूपेश जैन, हिमांशु जैन, अनजू जैन, नारद जैन तथा विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने की।
धर्मसभा में संतों ने दिए प्रेरक संदेश
धर्मसभा में युगल मुनि श्री शिवानंद जी और प्रशमानंद जी महाराज ने चातुर्मास के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रतिष्ठाचार्य मनोज जैन ने किया।
इस अवसर पर दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त रमेश जैन गर्ग, उदयभान जैन, संजय ठोलिया, बसंत बाकलीवाल, अनिल जैन, पंकज लुहाड़िया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपाध्याय श्री बृषभानंद जी महाराज ने सभी साधु-संतों, पदाधिकारियों, प्रबंधकों और श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


