मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सम्मेलन, विकास रणनीति पर चर्चा; ‘India @100’ पुस्तक भेंट
भरतपुर। “विकसित राजस्थान” विषय पर एक उच्चस्तरीय सम्मेलन का आयोजन मुख्य सचिव टी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें राज्य के दीर्घकालीन विकास और समग्र रणनीति पर व्यापक मंथन हुआ। सम्मेलन में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने वर्ष 2047 तक राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए विस्तृत सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर सीताराम गुप्ता ने अपनी पुस्तक “India @100: Resurgent Bharat” मुख्य सचिव को भेंट की। मुख्य सचिव ने गुप्ता के सुझावों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि इन्हें “विकसित राजस्थान” की योजनाओं एवं आधिकारिक दस्तावेजों में शामिल किया जाएगा।
सम्मेलन में आर्थिक विकास, औद्योगिक निवेश, कृषि उन्नयन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, कौशल विकास, रोजगार सृजन, जल प्रबंधन और क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की गई।
सीताराम गुप्ता ने अपने प्रस्तुतीकरण में राज्य की अर्थव्यवस्था को बहु-ट्रिलियन डॉलर स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखते हुए चरणबद्ध विकास मॉडल प्रस्तुत किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई, वैल्यू एडिशन को बढ़ावा, MSME एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने, जल संरक्षण के लिए नवाचार आधारित योजनाएं लागू करने तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया।
मुख्य सचिव टी. श्रीनिवास ने कहा कि इस प्रकार के दूरदर्शी और व्यावहारिक सुझाव राज्य की नीतियों के निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने बताया कि “राजस्थान @2047” के लिए एक समग्र दस्तावेज तैयार किया जाएगा, जिसमें इन सुझावों को शामिल किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि “राजस्थान @2047” विषय पर जल्द ही एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीताराम गुप्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सम्मेलन में उपस्थित अधिकारियों, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे राजस्थान के समावेशी और दीर्घकालीन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


