दुर्लभ साइटिंग से रोमांच, दो साल बाद टाइगर दिखने पर बढ़ा आकर्षण
अलवर। सरिस्का बफर जोन में रविवार शाम उस समय रोमांचक माहौल बन गया, जब लंबे समय से नजर नहीं आने वाला एक दुर्लभ और आक्रामक टाइगर अचानक जंगल में दिखाई दिया। करीब दो साल बाद इस टाइगर की नजदीक और साफ साइटिंग होने से सफारी पर पहुंचे पर्यटक और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर उत्साहित नजर आए।

जानकारी के अनुसार सफारी टीम शाम के समय 12 लाइब्रेरी ट्रैक पर पहुंची थी। जंगल में प्रवेश करते ही पानी के एक पॉइंट पर टाइग्रेस अपने चार शावकों के साथ दिखाई दी। करीब एक घंटे तक पर्यटकों और फोटोग्राफरों ने इस खूबसूरत मूवमेंट को कैमरे में कैद किया।
इसके बाद टीम अंधेरी ट्रैक की ओर बढ़ी, जहां दूसरे क्षेत्र में टाइगर मूवमेंट की सूचना मिली थी। इसी दौरान जंगल में अचानक उस टाइगर की एंट्री हुई जिसे सरिस्का का “खूंखार बादशाह” माना जाता है। बताया जा रहा है कि बफर जोन में जन्मे कई शावकों का पिता यह टाइगर आमतौर पर बेहद कम दिखाई देता है।
जंगल जानकारों के अनुसार यह टाइगर जब भी सामने आता है तो आक्रामक अंदाज में नजर आता है और उसकी साइटिंग बेहद दुर्लभ मानी जाती है। कई वर्षों से लगातार सफारी कर रहे वाइल्डलाइफ प्रेमियों ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद उन्हें यह खास पल देखने को मिला।
सरिस्का बफर जोन में लगातार बढ़ रही टाइगर एक्टिविटी के चलते अब देशभर से वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, नेचर लवर्स और चर्चित हस्तियां यहां पहुंच रही हैं। हाल की इस साइटिंग ने सरिस्का के प्रति पर्यटकों का आकर्षण और बढ़ा दिया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


