More
    Homeराजस्थानअलवरसिटी पैलेस में अलवर टाइगर मैराथन के द्वितीय संस्करण का उद्घोष कार्यक्रम...

    सिटी पैलेस में अलवर टाइगर मैराथन के द्वितीय संस्करण का उद्घोष कार्यक्रम आयोजित

    प्रसिद्ध अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कार्यक्रम में शिरकत कर बाघ और वन संरक्षण के साथ फिटनेस का संदेश दिया

    मिशनसच न्यूज, अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा अलवर सांसद  भूपेंद्र यादव और वन राज्यमंत्री  संजय शर्मा की गरिमामय उपस्थिति में सिटी पैलेस में 8 फरवरी 2026 को प्रस्तावित ‘अलवर टाइगर मैराथन’ के द्वितीय संस्करण का उद्घोष कार्यक्रम आयोजित हुआ। टाइगर मैराथन के ब्रांड एंबेसडर एवं प्रसिद्ध अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कार्यक्रम में शिरकत कर बाघ और वन संरक्षण के साथ फिटनेस का संदेश दिया।

    समारोह के दौरान अभिनेता रणदीप हुड्डा, केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री श्री संजय शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की टाइगर मैराथन की जर्सी, मेडल और सरिस्का टाइगर परियोजना कलैण्डर का विमोचन किया। विश्व प्रसिद्ध फिल्मकार श्री सुब्बैया नल्लामुथु द्वारा निर्मित टाइगर एंथम गीत का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। पैरा एथलीट श्री मोइन खान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले संस्करण में दिव्यांग एथलीटों के लिए विशेष मैराथन आयोजित कर अलवर ने इतिहास रचा था और व्यवस्थाएं बेहद सराहनीय रही थीं।

    अलवर में पर्यटन और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में दो महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। पहला एमओयू राजस्थान पर्यटन विभाग और मैराथन आयोजक वी-शक्ति ट्रस्ट के मध्य हुआ, जबकि दूसरा सिनर्जी स्टील एवं गौरी देवी कन्या महाविद्यालय के बीच इंडोर बैडमिंटन कोर्ट व एकेडमी की स्थापना के लिए किया गया। केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए स्किल, रोजगार और खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम बताया।

    अपने संबोधन में श्री यादव ने कहा कि टाइगर मैराथन केवल दौड़ का आयोजन नहीं, बल्कि एक विचार है जो टाइगर संरक्षण, प्रकृति प्रेम और अलवर के पर्यटन विकास को एक साथ जोड़ता है। उन्होंने जानकारी दी कि सरिस्का की सिलीसेढ़ झील को रामसर साइट का दर्जा मिल चुका है और अब मंगलासर व मानसरोवर झील को भी यह दर्जा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे सरिस्का तीन रामसर साइटों वाला देश का अनूठा अभयारण्य बनेगा। उन्होंने अलवर शहर को स्वच्छता में 364वें से 54वें स्थान और वायु स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान मिलने का उल्लेख करते हुए आमजन की सहभागिता को अहम बताया।

    वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर प्रदेश में हरित राजस्थान का संकल्प साकार हो रहा है। मैराथन से अलवर की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, खान-पान और वेशभूषा को विश्व स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

    इच्छुक प्रतिभागी 25 जनवरी 2026 तक दिए गए लिंक अथवा मोबाइल नम्बर 9667684422 पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन श्री लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय समन्वयक, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे ।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here