श्रद्धा के साथ आयोजित होगा धार्मिक मेला, कुश्ती प्रतियोगिता के विजेता को मिलेगा 11 हजार रुपये का पुरस्कार
सोडावास। कस्बे के श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज मंदिर परिसर में आगामी 5 सितंबर को श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज का विशाल मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। ग्रामीणों के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भव्य कुश्ती प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजन के तहत मंदिर परिसर में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अमित शर्मा अटेला एंड पार्टी, पत्राली (भिवानी), हरियाणा द्वारा धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
शाम को होगी भव्य कुश्ती प्रतियोगिता
धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात शाम 4 बजे से 7 बजे तक भव्य कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में क्षेत्र के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं अन्य राज्यों से पहलवानों के भाग लेने की संभावना है।
कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल विजेता पहलवान के लिए 11 हजार रुपये का फाइनल इनाम (कामड़ा) रखा गया है। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों से अपना आधार कार्ड साथ लेकर आने की अपील की है।
आयोजन समिति का फैसला रहेगा सर्वमान्य
आयोजन समिति के अध्यक्ष बाबूलाल जोशी ने बताया कि मेले और कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में आयोजन समिति का निर्णय अंतिम, निर्णायक एवं सर्वमान्य रहेगा।
ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित होने वाले इस मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। धार्मिक आस्था, भजन-कीर्तन और पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का संगम इस आयोजन को विशेष बनाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

