प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा और तकनीक से आगे बढ़ने का दिया संदेश, विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
अलवर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय व्यावसायिक कार्यालय अलवर द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधि के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राज ऋषि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. रमन कुमार दवे ने विद्यार्थियों को शिक्षा और तकनीक के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बन चुका है और ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। साथ ही उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वित्तीय नियंत्रक एवं रजिस्ट्रार गोपाल कालरा ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के जनरल मैनेजर सिद्धांत शेखर, असिस्टेंट जनरल मैनेजर अविनाश अवस्थी एवं ओमपाल सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भी इस पहल को अपने लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


