विश्व स्तनपान सप्ताह के जागरूकता अभियान में 65 महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
सोडावास। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 अगस्त से 7 अगस्त) के अवसर पर ग्राम छापुर में चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया द्वारा आरोग्यम 2.0 परियोजना के तहत पर्नोड रिकार्ड इंडिया के सहयोग से स्तनपान जागरूकता एवं हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान एएनएम मनीता यादव और सीएचओ बलवान ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को नवजात शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करने, पहले पीले गाढ़े दूध (कोलोस्ट्रम) के महत्व और जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने की आवश्यकता और एनीमिया की रोकथाम के उपाय भी बताए गए।
जागरूकता सत्र में कुल 65 महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच की गई। जिन महिलाओं में एनीमिया के लक्षण पाए गए, उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देने के साथ ही उचित चिकित्सा सेवाओं के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया की ओर से संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित करना तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना था।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई और नवजात शिशुओं को समय पर तथा नियमित रूप से स्तनपान कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सरोज शर्मा और ऋतु की विशेष भूमिका रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


