उनका मानना था कि कारोबार ऑफिस की चकाचौंध या आधुनिक साज-सज्जा से नहीं, बल्कि काम की गुणवत्ता, मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ता है
राजेश रवि, संपादक मिशन सच, अलवर ।
एक चूल्हा, छह भाइयों का परिवार और अनुशासन की ऐसी परंपरा, जहां दादाजी का कहा हर व्यक्ति के लिए आदेश होता था। बदलते समय में परिवारों के बीच बिखराव और दिखावे की बढ़ती प्रवृत्ति के दौर में ऐसी व्यवस्था बहुत कम देखने को मिलती है। रामसिंह बेनीवाल उन विरले लोगों में थे, जिन्होंने अपने परिवार को केवल एक छत के नीचे नहीं रखा, बल्कि संस्कार, अनुशासन और आपसी विश्वास के सूत्र में बांधकर रखा। शुक्रवार को 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। वे राजस्थान में ख्यातनाम भारत प्रिंटिंग प्रेस के संस्थापक थे।
दादाजी से मेरी पहली मुलाकात जून 1996 में हुई थी। उस समय अलवर जिले में आई बाढ़ पर मैंने एक पुस्तक तैयार की थी। इस पुस्तक का मुद्रण उनके द्वारा स्थापित भारत प्रिंटिंग प्रेस में करवाया था। उस दौरान प्रेस के कार्यालय में कई बार जाना हुआ, लेकिन उनसे दोबारा नियमित मुलाकातों का सिलसिला वर्ष 2025 में शुरू हुआ, जब मैंने मिशन सच की शुरुआत की और अपनी पुस्तकों का मुद्रण भारत प्रिंटिंग प्रेस से करवाना शुरू किया।
दादाजी का व्यक्तित्व अपने आप में अलग था। वे अक्सर कार्यालय के मुख्य द्वार पर बैठे मिलते थे और आने-जाने वालों पर उनकी पैनी नजर रहती थी। बिना किसी आवश्यक काम के कार्यालय में प्रवेश करना आसान नहीं था। पहले पूछते थे कि किस काम से आए हैं? उनके इस व्यवहार के पीछे किसी को असहज करना नहीं, बल्कि समय की अहमियत समझना और अनावश्यक आवाजाही को रोकना रहा होगा। वे अपने समय के साथ-साथ संस्थान में काम करने वाले लोगों के समय को भी उतना ही महत्वपूर्ण मानते थे।
उनकी एक और खासियत थी कि वे दिखावे से पूरी तरह दूर रहते थे। वर्ष 1996 में भारत प्रिंटिंग प्रेस का कार्यालय जैसा था, उसमें आज भी बहुत अधिक बदलाव नजर नहीं आता। यह किसी आर्थिक मजबूरी का परिणाम नहीं, बल्कि उनकी सोच थी। उनका मानना था कि कारोबार ऑफिस की चकाचौंध या आधुनिक साज-सज्जा से नहीं, बल्कि काम की गुणवत्ता, मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ता है। वे काम पर भरोसा करते थे और उसी को सफलता का आधार मानते थे। उनकी व्यावसायिक ईमानदारी का एक बड़ा उदाहरण राजस्थान रोडवेज से जुड़ा है। डिजिटल व्यवस्था लागू होने से पहले यात्रियों को दी जाने वाली बस टिकटों का मुद्रण भारत प्रिंटिंग प्रेस में होता था। पूरे राजस्थान के लिए टिकटों की छपाई का काम इस प्रेस को मिलना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी। जयपुर जैसे बड़े शहरों में अनेक प्रिंटिंग संस्थान होने के बावजूद अलवर की इस प्रेस को यह जिम्मेदारी मिलना उनकी विश्वसनीयता और वर्षों में अर्जित साख को दर्शाता है। यह भरोसा एक दिन में नहीं बना था, बल्कि इसके पीछे उनकी ईमानदारी, अनुशासन और काम के प्रति प्रतिबद्धता थी।आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका जीवन इस बात की मिसाल रहेगा कि सफलता केवल धन और कारोबार खड़ा करने में नहीं, बल्कि विश्वास अर्जित करने और परिवार को एकजुट रखने में भी होती है।
उन्होंने भारत प्रिंटिंग प्रेस के रूप में एक व्यावसायिक पहचान बनाई और अपने परिवार को संस्कारों की ऐसी विरासत सौंपी, जिसे आने वाली पीढ़ियां लंबे समय तक याद रखेंगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


