पीएम-स्वनिधि योजना से मिला संबल, शिविर में लंबित आवेदनों का हुआ निस्तारण
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर परिषद खैरथल द्वारा 1 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे विशेष अभियान स्वनिधि महोत्सव, लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि कैम्प के तहत बुधवार को नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पात्र लाभार्थियों को पीएम-स्वनिधि योजना के तहत ऋण स्वीकृत कर लाभान्वित किया गया।
नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बुधवार एवं शुक्रवार को बैंक प्रतिनिधियों के माध्यम से पीएम-स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है। पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को आयोजित शिविर में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों द्वारा 13 लाभार्थियों को 15-15 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इससे रेहड़ी-पटरी एवं लघु व्यवसाय से जुड़े लाभार्थियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
शिविर में लीड बैंक प्रबंधक एच.एन. मीणा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि जितेन्द्र ठाकुर, मनोज निमेश, खेमचंद वर्मा, हिमांशु एवं टिंकु सिंह ने भाग लिया और ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग किया।
इसके अलावा नगर परिषद के सहायक अभियंता भूपेन्द्र गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता मोतीलाल वर्मा, चौखमदत्त शर्मा, राजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी शिविर में उपस्थित रहे।
आयुक्त मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं तथा लघु व्यवसाय से जुड़े पात्र हितग्राहियों को पीएम-स्वनिधि योजना का अधिकतम लाभ दिलाना है। योजना के माध्यम से लाभार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने पात्र व्यवसायियों से अभियान का लाभ उठाने और निर्धारित शिविरों में पहुंचकर अपने लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने की अपील की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


