हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय पर पहचान पर रहेगा विशेष फोकस, 18 जुलाई तक सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर होगी जांच
खैरथल। जिले में गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित मातृत्व और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का विस्तृत आकलन किया जाएगा तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देशन तथा जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर विशेष जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, वजन, रक्त शर्करा सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे। आवश्यकता अनुसार आयरन, कैल्शियम एवं अन्य आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा तथा संतुलित आहार, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव से संबंधित स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए आशा सहयोगिनी, एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करेंगे। विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं का नियमित फॉलोअप किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने सभी गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उचित देखभाल से गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है तथा सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

