More
    Homeराजस्थानअलवरहरसौली में संत दास महाराज के पावन धाम का हुआ शुभारंभ

    हरसौली में संत दास महाराज के पावन धाम का हुआ शुभारंभ

    पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कार्यक्रम में हुए शामिल

    खैरथल/अलवर।
    खैरथल-तिजारा जिले के हरसौली गांव में श्री श्री 1008 संत दास महाराज के पावन धाम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह एवं राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने धाम में पहुंचकर संत दास महाराज से आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

    इस मौके पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अलवर जिले में कई आस्था स्थल हैं, जिन्हें लोग “सिंहद्वार” के नाम से जानते हैं। यहाँ दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और मनोकामना पूर्ण होने पर हाजिरी देते हैं।


    सरकार पर जमकर बरसे जितेंद्र सिंह

    जयपुर रवाना होते समय मीडिया से बातचीत में डॉ. सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार अनुभवहीन और अकर्मण्य बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहरोड़-नीमराना क्षेत्र में डीजे कोर्ट की आवश्यकता होने के बावजूद न स्थानीय विधायक और न ही सांसद कोई ठोस पहल कर पाए हैं।
    उन्होंने बहरोड़ में बढ़ते अपराध, चोरी और हत्याओं पर चिंता व्यक्त की और कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ सरकार चुनी थी, वह पूरी तरह विफल साबित हुई है।


    टीकाराम जूली का मुख्यमंत्री पर तीखा हमला

    वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने पद की गरिमा निभाने में विफल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वे दिल्ली दौरे में व्यस्त रहते हैं और जनता से कटे हुए हैं।
    जूली ने तीखे शब्दों में कहा कि “मुख्यमंत्री को अब दिल्ली में स्थायी निवास बना लेना चाहिए, ताकि जनता की गाढ़ी कमाई हवाई यात्राओं में बर्बाद न हो।”
    उन्होंने प्रदेश में राजनीतिक दुर्भावना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराने का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश में दोहरी कानून व्यवस्था जैसी स्थिति बन गई है।


    कई स्थानों पर हुआ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत

    हरसौली से जयपुर जाते समय विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सिंह और जूली का माल्यार्पण और साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
    इस अवसर पर विधायक दीपचंद खेरिया, ललित यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेश मिश्रा, संजीव बारेठ, संजय यादव, रोहिताश चौधरी, मनीष शास्त्री, रामचरण मोदी, गफूर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here