आस्था के मेले में गूंजे बाबा के भजन, देशी घी के चूरमा-बाटी और दाल का श्रद्धालुओं ने लिया आनंद
सोडावास। आलनपुर गांव के आदर्श खेल मैदान में बुधवार, 19 अगस्त को ग्रामीणों के तत्वावधान में हीरामल एवं कालश देव महाराज के भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु पहुंचे। भंडारे में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर देशी घी से तैयार चूरमा, बाटी और चने की दाल की प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:15 बजे बाबा के मंदिर में भोग लगाकर की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू हुआ। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, बड़ी संख्या में ग्रामीण आयोजन स्थल पर पहुंचते रहे और बाबा के दरबार में पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगी।
भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
भंडारे के दौरान बाबा के भजनों का गुणगान भी किया गया। गायक कलाकार जयराम ठेकला एवं बद्री भाटी एंड पार्टी ने बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए और पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
बाबा के गोटियों ने भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा को रिझाया और धार्मिक परंपराओं के अनुसार अपनी आस्था प्रकट की।
ग्रामीणों और युवाओं ने संभाली व्यवस्था
गुरुजी लेखराम तनेजा ने बताया कि भंडारे की व्यवस्थाओं में गांव के ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला।
आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की और बाबा हीरामल एवं कालश देव महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। आयोजन के दौरान पूरे गांव में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


