More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख और अन्य वाहन के लिए मिलेंगे 90...

    ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख और अन्य वाहन के लिए मिलेंगे 90 हजार, भोपाल में हुआ भव्य कार्यक्रम

    भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार (19 सितंबर) को एक भव्य स्कूटी वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी की सौगात प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कुछ विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपी, उनसे संवाद किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान उन्होंने एक छात्रा के साथ स्कूटी पर बैठकर सवारी भी की। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह, राज्य मंत्री कृष्णा गौर और भोपाल की महापौर मालती राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी राशि

    इस योजना के तहत मध्य प्रदेश के 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से राशि ट्रांसफर की जाएगी। मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना के अंतर्गत ई-स्कूटी खरीदने के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये और पेट्रोल वाहन (मोटराइज्ड) के लिए 90 हजार रुपये तक की सहायता राशि सीधे छात्रों के खातों में भेजी जा रही है। इस पूरी योजना के क्रियान्वयन पर सरकार द्वारा 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।

    किसे मिल रहा है इस योजना का लाभ?

    इस बार योजना के नियमों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसके तहत जिन विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं और अपने विद्यालय में शीर्ष स्थान (टॉप) हासिल किया है, वे इस सौगात के पात्र बने हैं। इस योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश के 23 हजार से ज्यादा छात्र-छात्रों को लाभान्वित किया जा चुका है।

    सीएम मोहन यादव का विपक्ष पर तीखा हमला

    समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब कांग्रेस के शासनकाल में विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के लिए घर से बोरा और टाट-पट्टी लेकर स्कूल जाना पड़ता था, लेकिन आज राज्य के सरकारी स्कूलों की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा सरकार केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे युवाओं और छात्रों के बीच जाकर उनसे संवाद कर रही है, और विपक्ष को भी अपने किए गए कार्यों का हिसाब जनता को देना चाहिए।

     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here