वाहन स्वामियों को 31 दिसंबर से पहले सीएनजी या ईवी में बदलने की सलाह, अलवर में 583 डीजल ऑटो पंजीकृत
अलवर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में 1 जनवरी 2027 से डीजल से संचालित ऑटो रिक्शा का संचालन अनुमत नहीं होगा। एनसीआर क्षेत्र में अब केवल सीएनजी या इलेक्ट्रिक ईंधन से चलने वाले ऑटो रिक्शा ही संचालित किए जा सकेंगे। इसे लेकर परिवहन विभाग ने डीजल ऑटो रिक्शा संचालकों को निर्धारित समय सीमा में अपने वाहनों को स्वच्छ ईंधन विकल्प में बदलने या अपग्रेड कराने के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है।
जिला परिवहन अधिकारी सविता भारद्वाज ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों की पालना में एनसीआर क्षेत्र में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र के लिए नियम निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत 1 जनवरी 2023 से पूरे एनसीआर क्षेत्र में नए डीजल ऑटो रिक्शा के पंजीयन पर प्रतिबंध है।
उन्होंने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में संचालित सभी डीजल ऑटो रिक्शा को 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में प्रचलन से बाहर करना अनिवार्य है। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से एनसीआर क्षेत्र में केवल सीएनजी या इलेक्ट्रिक ईंधन से संचालित ऑटो रिक्शा ही चल सकेंगे।
अलवर में 583 डीजल ऑटो पंजीकृत
जिला परिवहन अधिकारी के अनुसार प्रादेशिक परिवहन कार्यालय के क्षेत्राधिकार में वर्तमान में 583 डीजल ऑटो रिक्शा पंजीकृत हैं। इन वाहनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर 31 दिसंबर 2026 से पहले अपने डीजल ऑटो रिक्शा को स्वच्छ ईंधन विकल्प यानी सीएनजी या इलेक्ट्रिक वाहन में बदलने अथवा अपग्रेड कराने के लिए सूचित किया जा रहा है।
मंडी मोड़ स्टैंड पर दी नियमों की जानकारी
परिवहन विभाग की ओर से मंडी मोड़ स्टैंड पर ऑटो रिक्शा संचालकों को नए नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान संचालकों को 31 दिसंबर 2026 तक डीजल से संचालित ऑटो रिक्शा को निर्धारित क्षेत्राधिकार से बाहर करने तथा स्वच्छ ईंधन विकल्प अपनाने के संबंध में जागरूक किया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2027 से यदि कोई डीजल ऑटो रिक्शा एनसीआर क्षेत्र में संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने वाहन स्वामियों से निर्धारित समय सीमा से पहले आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

