More
    Homeराजस्थानअलवर24 करोड़ के विद्यालय भवनों का लोकार्पण, शिक्षा को मिली नई मजबूती

    24 करोड़ के विद्यालय भवनों का लोकार्पण, शिक्षा को मिली नई मजबूती

    अलवर दौरे पर मंत्री मदन दिलावर ने विद्यालयों का किया निरीक्षण, बच्चों के साथ पोषाहार चखा और विकास कार्यों के दिए निर्देश

    अलवर। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को अलवर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान 24.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सात राजकीय विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने रैणी तहसील स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईशवाना और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पिनान सहित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया, बच्चों के साथ बैठकर पोषाहार चखा तथा शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

    मंत्री ने चिमरावली सिक्ख स्थित राजकीय विद्यालय में मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मानवीय मूल्यों, संस्कार और नैतिकता पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पोषाहार, पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, साइकिल, स्कूटी, लैपटॉप और छात्रवृत्ति जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

    1 अप्रैल से शुरू हुआ नया शैक्षणिक सत्र, स्कूलों की मरम्मत के लिए 20 करोड़ जारी

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार 1 अप्रैल से शैक्षणिक सत्र शुरू किया गया, जिससे अब तक लगभग 20 प्रतिशत पाठ्यक्रम पूरा कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पहली बार बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम मार्च में घोषित किए गए और विद्यार्थियों को 1 अप्रैल को ही पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी गईं।

    उन्होंने जानकारी दी कि अलवर जिले के राजकीय विद्यालयों की मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं तथा प्रदेशभर में आवश्यकता अनुसार नए भवनों का निर्माण और जर्जर भवनों की मरम्मत कराई जा रही है। साथ ही शिक्षा विभाग में एक लाख शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।

    इन विद्यालयों के भवनों का हुआ लोकार्पण

    शिक्षा मंत्री ने ईशवाना में 4.49 करोड़ रुपये तथा पिनान स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में 2.10 करोड़ रुपये की लागत से बने भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा जमालपुर (लक्ष्मणगढ़), मानकपुर गोठड़ी (कठूमर), सहजपुर, बंजीरका (रामगढ़), महुआखुर्द (मालाखेड़ा), नंगला (रामगढ़), चांदौली (उमरैण) और मातोर (मुंडावर) में लगभग 2.50-2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विद्यालय भवनों का भी उद्घाटन किया गया।

    चिमरावली सिक्ख विद्यालय में की घोषणाएं, शिक्षकों की कमी भी हुई दूर

    चिमरावली सिक्ख के विद्यालय में सरस्वती प्रतिमा के अनावरण के दौरान मंत्री ने विद्यालय की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही गांव में स्ट्रीट लाइट, नालियों के निर्माण और नियमित सफाई के निर्देश दिए।

    विद्यालय में शिक्षकों की कमी की जानकारी मिलने पर उन्होंने मौके पर ही मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद तत्काल तीन शिक्षकों की कार्य व्यवस्था के आदेश जारी किए गए, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।

    बच्चों के साथ बैठकर चखा पोषाहार, गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

    मंत्री ने शहीद श्रीराम गुर्जर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बुर्जा तथा राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, कलसाडा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर पोषाहार ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। सप्लायर संस्था को भी भोजन गर्म एवं स्वच्छ तरीके से परोसने के निर्देश दिए गए।

    उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, खेलकूद, विद्यालय की साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पिनान में भी छात्राओं से बातचीत कर उनके शैक्षणिक स्तर और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।

    गांवों की सफाई पर जताई नाराजगी

    दौरे के दौरान मंत्री ने बुर्जा, कलसाडा और बिलंदी गांवों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विकास अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने और गांवों का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही ईशवाना बस स्टैंड पर शौचालय निर्माण और पिनान स्थित विद्यालय के खेल मैदान के लिए भूमि आवंटन एवं चारदीवारी निर्माण के निर्देश भी दिए।

    इसके बाद मंत्री ने चिकानी स्थित लक्ष्मी देवी इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं संस्थानों के सम्मान समारोह में भाग लिया तथा अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पिनान में आयोजित जनसुनवाई में भी उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here