चीडवा-बहारीपुर के ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंची राजस्व टीम, काश्तकारों ने सीमाज्ञान और रास्ता खोलने से किया इनकार
नौगांवा। दो गांवों की सीमा पर करीब 50 वर्षों से आवागमन में उपयोग हो रहे रास्ते को गड्ढा खोदकर बंद करने का मामला सामने आया है। रास्ता अवरुद्ध होने से चीडवा और बहारीपुर गांव के ग्रामीणों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। तहसीलदार के आदेश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन संबंधित काश्तकारों के सीमाज्ञान और रास्ता खोलने पर सहमत नहीं होने से विवाद का समाधान नहीं हो सका।
सरकारी खसरा नंबर 418 से गुजरता है रास्ता
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राजस्व टीम को बताया कि चीडवा और बहारीपुर गांव के बीच यह रास्ता पिछले करीब 50 वर्षों से उपयोग में लिया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार रास्ता सरकारी खसरा नंबर 418 से होकर गुजरता है। इसके पास खसरा नंबर 400 और 403 स्थित हैं। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार इन जमीनों पर अमीर सिंह पुत्र हाकिम सिंह और गुरदीप सिंह पुत्र काला सिंह के नाम दर्ज हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित काश्तकारों ने रास्ते में गड्ढा खोदकर आवागमन बाधित कर दिया है। इससे दोनों गांवों के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
सीमाज्ञान कराने पर भी नहीं बनी सहमति
तहसीलदार के आदेश पर मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने संबंधित काश्तकारों से खेतों का सीमाज्ञान कराने को लेकर बातचीत की। हालांकि, काश्तकारों ने सीमाज्ञान कराने पर सहमति नहीं जताई और रास्ता खोलने से भी इनकार कर दिया। ऐसे में मौके पर विवाद की स्थिति बनी रही।
राजस्व कर्मचारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस जाब्ते और प्रशासनिक सहयोग के बिना रास्ता खुलवाना संभव नहीं है। अब रास्ते के सीमांकन और विवाद के समाधान के लिए प्रशासन के अगले कदम का इंतजार है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क



