स्वतंत्रता सेनानी लाला काशीराम गुप्ता को श्रद्धांजलि, 48वीं पुण्यतिथि पर विद्यालय में हुआ प्रतिमा अनावरण
अलवर। स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं अलवर के पूर्व सांसद स्वर्गीय लाला काशीराम गुप्ता की 48वीं पुण्यतिथि के अवसर पर घीलोट स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई। सादगीपूर्ण और गरिमामय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, परिजनों और ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय लाला काशीराम गुप्ता के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उल्लेखनीय है कि उन्होंने वर्ष 1935 के आसपास घीलोट गांव में शिक्षा के प्रसार के उद्देश्य से इस विद्यालय की स्थापना की थी। बाद में स्वतंत्रता संग्राम की गतिविधियों में व्यस्त रहने के कारण उन्होंने विद्यालय का संचालन सरकार को सौंप दिया था।
कार्यक्रम में स्वर्गीय लाला काशीराम गुप्ता के परिवार के सदस्यों में अलवर से रेणु गुप्ता, अलका गुप्ता, अपराजिता गुप्ता, ध्रुवसत्य गुप्ता और केयांश दत्त गुप्ता, अमेरिका से दीपक शर्मा, फरीदाबाद से आशा डाटा और अमरकांत डाटा तथा शाहजहांपुर से शैलेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जयपुर से पूर्व निदेशक (कॉरपोरेट मामलात मंत्रालय) किशनलाल कौशिक और विकास कौशिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कालूराम सिरोहीवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि प्रतिमा निर्माण से लेकर स्थापना तक की संपूर्ण प्रक्रिया स्वर्गीय लाला जी की पुत्रियों डॉ. मालती गुप्ता और डॉ. प्रभा गुप्ता के विशेष प्रयासों से पूरी हुई।
इस अवसर पर डॉ. मालती गुप्ता द्वारा लिखित द्विभाषी पुस्तक “पानी और आग, एक अनूठा संगम” का भी विमोचन किया गया। यह पुस्तक जलने पर प्राथमिक उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराती है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रशासक परमानंद यादव, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि महताब सिंह चौहान, पंचायत समिति सदस्य रविन्द्र कुमार, राकेश चौहान, सतिदान सिंह, सतीश सिंह, सत्यवीर सिंह यादव, शेर सिंह, लक्ष्मण प्रसाद, सेवानिवृत्त उपनिदेशक डॉ. जलदीप पथिक, महावीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार ने किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


