माल दिखाने के बहाने बुलाए गए स्क्रैप व्यापारी से 50 हजार रुपये की लूट, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
अलवर। शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में गुजरात के एक स्क्रैप व्यापारी के साथ लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने माल बेचने का झांसा देकर व्यापारी को अलवर बुलाया और कार में बंधक बनाकर उससे 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांधीनगर (गुजरात) निवासी 38 वर्षीय दिनेश पुत्र अरुण स्क्रैप का कारोबार करते हैं। कुछ लोगों ने उन्हें स्क्रैप का माल दिखाने और सौदा करने के लिए अलवर बुलाया था। इसके बाद दिनेश ट्रेन से अलवर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद कुछ लोग उन्हें अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी व्यापारी को मन्ना का रोड क्षेत्र की ओर ले गए। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और धमकी देकर 50 हजार रुपये की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी को थाने लेकर आई। इसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
अरावली विहार थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


