नशा मुक्ति अभियान के शुभारंभ पर युवा भारत ने विकसित राष्ट्र के निर्माण का लिया संकल्प
अलवर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर माय भारत, अलवर की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर नशा मुक्ति की शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत देशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों, फिटनेस अभियान, योग और ध्यान सत्रों के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
100 सप्ताह तक चलेगा अभियान
माय भारत की जिला युवा अधिकारी श्रीमती नेहा जादौन ने बताया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से देशभर के करीब 10 हजार स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा जुड़े। इनमें माय भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संस्थानों के सदस्य शामिल रहे।
युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर माय भारत के नोडल अधिकारी रवि प्रकाश शर्मा, डॉ. हर्ष यादव, डॉ. हर्ष शर्मा, डॉ. अवनीश शर्मा, लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक तोताराम गुर्जर, स्वयंसेवक भावना सैनी, प्रिंस नरुका और सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


