More
    Homeराजस्थानअलवरविशेष जांच अभियान में बाल वाहिनियों पर कसी गई सख्ती, नियमों के...

    विशेष जांच अभियान में बाल वाहिनियों पर कसी गई सख्ती, नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई

    परिवहन विभाग के जांच अभियान में बाल वाहिनियों के 180 चालान काटे गए, 25 वाहन जब्त किए गए

    अलवर। जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाली बाल वाहिनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान अब तक 180 वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं, जबकि 25 वाहनों को जब्त किया गया है।

    जिला परिवहन अधिकारी सविता भारद्वाज ने बताया कि 29 जुलाई से शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों की पालना का निरीक्षण किया गया।

    उन्होंने बताया कि हाल ही में चलाए गए अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 11 बाल वाहिनियों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले दो वाहन, बिना परमिट संचालित होने वाले दो वाहन और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ चालान जारी किए गए। इसके अलावा पुलिस विभाग ने भी चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

    जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ निजी वाहनों का उपयोग बिना परमिट और कर जमा किए व्यावसायिक रूप से किया जा रहा था। ऐसे छह वाहनों के चालान बनाए गए हैं। इन वाहनों से नियमानुसार कर और जुर्माने की राशि वसूली जाएगी।

    परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी बाल वाहिनियों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here