खैरथल के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में न्यायिक अधिकारियों, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने किया वृक्षारोपण, हर पौधे की नियमित देखभाल का लिया संकल्प
खैरथल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खैरथल में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शैलेन्द्र व्यास के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
“पेड़ लगाना ही नहीं, उसकी मां की तरह देखभाल भी जरूरी”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र व्यास ने कहा कि केवल पेड़ लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जब तक वह बड़ा न हो जाए, तब तक उसकी मां की तरह देखभाल करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में स्थायी जागरूकता और जनभागीदारी विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। इसके लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी आवश्यक है।
पौधों की सुरक्षा और संवर्धन पर दिया जोर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने कहा कि वृक्षारोपण एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर जिम्मेदारी है। पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा, सिंचाई और संवर्धन सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।
औषधीय और छायादार पौधों का किया गया रोपण
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगदीश मीना, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा कुमारी, एसीजेएम डॉ. सुरभि सिंह, सिविल न्यायाधीश खुशबू कंवरिया, विद्यालय प्रभारी प्राचार्य के.आर. मीना सहित न्यायिक अधिकारियों और विद्यालय स्टाफ ने कल्पवृक्ष, कदम, पिलखन, मोरिंगा, बेलपत्र और आम सहित विभिन्न छायादार एवं औषधीय महत्व के पौधे लगाए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों ने जिला जज सहित सभी न्यायिक अधिकारियों का स्वागत भी किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


