दो मामलों में वांछित ईनामी आरोपी मिन्टू उर्फ माधव गिरफ्तार, 7 मुकदमों का सामने आया रिकॉर्ड
अलवर। अरावली विहार थाना पुलिस ने चाकू से हमला और नकबजनी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी मिन्टू उर्फ माधव को गिरफ्तार कर दोनों मामलों में पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और मारपीट से जुड़े कुल 7 मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर दो मामलों में कुल 4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पैसे देने से मना किया तो चाकू से किया हमला
पुलिस के मुताबिक 14 जून की रात देवयानी हॉस्पिटल के पास पोस्ट ऑफिस के सामने चार लोगों ने एक व्यक्ति से पैसे मांगे थे। व्यक्ति द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए धारदार चाकू से हमला कर दिया था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस मामले में मिन्टू उर्फ माधव की गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नकबजनी के मामले में भी था वांछित
इसके अलावा 10 जुलाई को निचला सोनावां की डूंगरी में नकबजनी की वारदात सामने आई थी। इस मामले में भी पुलिस को मिन्टू उर्फ माधव की तलाश थी। आरोपी पर इस मामले में भी 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार तलाश के बाद अरावली विहार थाना पुलिस ने दोनों मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
7 मामलों में दर्ज है आरोपी का नाम
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिन्टू उर्फ माधव पुत्र राजेश कुमार, निवासी सोनावां डूंगरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और मारपीट के कुल सात मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी से दोनों वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

