More
    Homeदेशमहिलाओं से बुजुर्गों तक, हर जरूरतमंद के लिए मदद का नंबर जारी

    महिलाओं से बुजुर्गों तक, हर जरूरतमंद के लिए मदद का नंबर जारी

    नई दिल्ली। देश में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सरकार कई हेल्पलाइन सेवाएं चला रही है। इनका मकसद जरूरत के वक्त लोगों तक फौरन मदद पहुंचाना है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ-साथ यात्रियों के लिए भी अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर मौजूद हैं। इनके जरिए शिकायत दर्ज कराने, आपातकालीन मदद लेने और जरूरी सूचनाएं हासिल करने की सुविधा मिलती है। इनमें से कई सेवाएं चौबीसों घंटे चालू रहती हैं। आइए इन अहम हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानते हैं।

     

    महिलाओं के लिए चौबीसों घंटे हेल्पलाइन

    महिलाओं को यदि घरेलू हिंसा, प्रताड़ना या अन्य किसी तरह की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, तो वे राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकती हैं। यह सेवा जुलाई 2021 से 24 घंटे चल रही है।

    इस नंबर पर फोन करने वाली महिलाओं को आवश्यकता के मुताबिक पुलिस, स्वास्थ्य सुविधाओं और कानूनी मदद से जोड़ा जाता है। इसके अलावा परामर्श और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है। यह हेल्पलाइन नंबर +91-7827170170 है।

    बच्चों की सहायता के लिए 1098 नंबर

    संकट में फंसे बच्चों की मदद के लिए सरकार चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 संचालित कर रही है। यह व्यवस्था मिशन वात्सल्य योजना के तहत काम करती है।

    इस हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों को सुरक्षा, देखभाल और आपातकालीन सहायता दी जाती है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पुनर्वास की सेवाओं से भी जोड़ा जाता है। इसके लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098 और आपात स्थिति के लिए 112 नंबर जारी किया गया है।

    बुजुर्गों के लिए एल्डर लाइन 14567

    वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए सरकार ने एल्डर लाइन हेल्पलाइन शुरू की है। बुजुर्ग इस नंबर पर कॉल करके अपनी दिक्कतें साझा कर सकते हैं।

    इस सेवा के जरिए दुर्व्यवहार, प्रताड़ना और अन्य समस्याओं से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों को सलाह, भावनात्मक सहारा और जरूरी मदद प्रदान की जाती है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 14567 है।

    रेल यात्रियों के लिए 139 नंबर

    ट्रेन से यात्रा करते समय शिकायत या किसी तरह की समस्या आने पर यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर बात कर सकते हैं।

    इस नंबर के जरिए यात्री सफर से जुड़ी जानकारी और शिकायतों का हल पा सकते हैं। रेलवे की पहले की हेल्पलाइन 182 को भी 1 अप्रैल 2021 से 139 नंबर में मिला दिया गया था।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here