जयपुर: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शासन सचिवालय में कमेटी ऑफ सेक्रेटरीज (CoS) की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 'रिफॉर्म उत्सव', केंद्रीय योजनाओं के वित्तीय प्रबंधन, 'हर घर तिरंगा अभियान-2026', जन-अभियोग निराकरण और 'मिशन हरियालो राजस्थान' जैसे कई अहम विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रिफॉर्म उत्सव से शासन व्यवस्था में आएंगे सुधार
मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित होने वाले ‘रिफॉर्म उत्सव’ को जनभागीदारी के जरिए शासन प्रणाली में सुधार की एक बड़ी पहल बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि आम जनता के अनुभवों के आधार पर प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए ताकि सरकारी सेवाओं तक पहुंच सुगम हो सके। इसके तहत 10 सितंबर तक राज्य कार्ययोजना तैयार की जाएगी, 11 सितंबर से जागरूकता अभियान चलेगा और 2 अक्टूबर को हर पंचायत में 'जन मंथन सभा' आयोजित होगी। योजना विभाग इसका नोडल विभाग होगा तथा सरकारी प्रक्रियाओं को और सुगम बनाने के लिए एकल आवेदन प्रपत्र (सिंगल फॉर्म) विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
केंद्र प्रवर्तित योजनाओं में समयबद्ध व्यय और वित्तीय प्रगति
बैठक में केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित केंद्रीय स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने समय पर उपयोगिता प्रमाण-पत्र भेजने, राज्यांश का त्वरित वितरण करने तथा योजनाओं की उपलब्धियों का प्रभावी संप्रेषण सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही, किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी के खिलाफ तथ्यात्मक जानकारी तुरंत सार्वजनिक करने को कहा गया।
हर घर तिरंगा अभियान में दो दिनों में 21 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 9 से 17 अगस्त तक चल रही गतिविधियों की सराहना करते हुए बताया गया कि शुरुआती दो दिनों में ही 21 लाख से अधिक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। पोर्टल पर 40 हजार से अधिक सेल्फी भी अपलोड की जा चुकी हैं। इसके अलावा, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने और 13-14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
मिशन हरियालो राजस्थान: पौधरोपण के साथ संरक्षण पर जोर
‘हरियालो राजस्थान’ मिशन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2026-27 के तहत 10.81 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के मुकाबले 10 अगस्त तक लगभग 4.85 करोड़ पौधे रोपे जा चुके हैं। मुख्य सचिव ने कम प्रगति वाले विभागों और जिलों को कार्य में तेजी लाने तथा पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके सत्यापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जन-अभियोगों का वास्तविक समाधान और नागरिक संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता
राजस्थान संपर्क 181 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा में सामने आया कि 1 फरवरी से 31 जुलाई 2026 के बीच 24.64 लाख से अधिक नए अभियोग दर्ज हुए और बैकलॉग समेत 25.04 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान नागरिक संतुष्टि 63.16 प्रतिशत से बढ़कर 67.29 प्रतिशत हो गई है और औसत निस्तारण अवधि 15 दिन से घटकर 13 दिन रह गई है। मुख्य सचिव ने बिजली, पानी, सड़क और स्वच्छता से जुड़े मामलों में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए नागरिकों की संतुष्टि का स्तर और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए।


