15 अगस्त से महोत्सव में होगा आत्मचिंतन, संयम और जीवन परिवर्तन का संदेश; निजी हेलीकॉप्टर से पहुंचे भामाशाह अशोक पाटनी
भीलवाड़ा। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में धर्म साधना का क्रम जारी है। शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आचार्यश्री के दर्शन और धर्म संदेश का लाभ ले रहे हैं। वहीं 15 अगस्त से चित्रकूटधाम में सर्व समाज के लिए आयोजित होने वाले ज्ञान गंगा महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
बुधवार सुबह धर्म संदेश देते हुए आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि जीवन में हमारे कर्म ही यह तय करते हैं कि पाप या पुण्य में से किसका पलड़ा भारी रहेगा। जिन लोगों का समय जिनवाणी सुनने और धर्म साधना में व्यतीत होता है, उनका पुण्य प्रबल होता है, जबकि मौज-मस्ती में समय गंवाने वालों के जीवन में पाप का पलड़ा भारी होने से प्रतिकूलताएं बढ़ती जाती हैं।
आचार्यश्री ने कहा कि चातुर्मास आत्मनिरीक्षण और संयम की साधना का पर्व है। पुण्यशाली जीव ही जिनवाणी सुनने का अवसर प्राप्त करते हैं। हमारे कर्म ही तय करते हैं कि हम भगवान बनने की दिशा में बढ़ेंगे या नरक गति की ओर जाएंगे। कषायों पर विजय प्राप्त करने के लिए मनुष्य को अपने स्वभाव में लौटना होगा।
उन्होंने कहा कि कसाई दूसरों को मारता है, लेकिन कषाय के कारण मनुष्य अपने कई भव बिगाड़ लेता है। यदि मोक्ष प्राप्त करना है तो निज मार्ग को अपनाना होगा, अर्थात ऐसा मार्ग चुनना होगा जो आत्मा के कल्याण की ओर ले जाए।
दुनिया नहीं, खुद को बदलने का प्रयास करें
आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में आयोजित होने वाले ज्ञान गंगा महोत्सव में शामिल होकर हमें दुनिया को बदलने के बजाय स्वयं को बदलने का प्रयास करना है। महोत्सव में परिवर्तन, चिंतन, जीवन को सही दिशा देने और स्वयं से परिचय कराने वाले प्रवचन होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट से हुई। इसका सौभाग्य भागचंद, शशिकला, अनिल एवं अभिषेक अजमेरा परिवार, बसंत विहार ने प्राप्त किया।
निजी हेलीकॉप्टर से पहुंचे अशोक पाटनी
आचार्य पुलकसागर महाराज के दर्शन, वंदन एवं धर्म चर्चा के लिए बुधवार दोपहर जैन समाज के प्रमुख भामाशाह एवं श्रेष्ठी अशोक पाटनी पत्नी सुशीला पाटनी के साथ निजी हेलीकॉप्टर से भीलवाड़ा पहुंचे। श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह, सह संयोजक लोकेश अजमेरा सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं श्रावकों ने उनका स्वागत किया।
पाटनी दंपति ने आचार्यश्री के दर्शन कर विभिन्न विषयों पर धर्म चर्चा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। अशोक पाटनी ने भीलवाड़ा में पहली बार हो रहे आचार्यश्री के चातुर्मास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चातुर्मास समिति की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह चातुर्मास भीलवाड़ा में जिनशासन भक्ति का नया इतिहास रचेगा।
तेरापंथ समाज ने किया दर्शन, मंगल प्रवचन का दिया निवेदन
चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि तेरापंथ संघ भीलवाड़ा के अध्यक्ष अशोक सिंघवी ने कमेटी सदस्यों एवं महिला मंडल के साथ आचार्यश्री के दर्शन किए और श्रीफल भेंट किया। उन्होंने तेरापंथ भवन में मंगल प्रवचन के लिए आचार्यश्री से निवेदन भी किया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सर्व समाज के लिए आयोजित ज्ञान गंगा महोत्सव का शुभारंभ 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे जश्ने आजादी कार्यक्रम से होगा। इस दौरान आचार्य पुलकसागर महाराज राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत संदेश देंगे। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
30 अगस्त तक चलेगा महोत्सव
चातुर्मास समिति के संयोजक मनीष शाह ने बताया कि ज्ञान गंगा महोत्सव में भीलवाड़ा सहित राजस्थान और देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 15 अगस्त को पहला कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से होगा, जबकि 16 से 30 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8:30 से 10 बजे तक प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के तहत 19 अगस्त को मोक्ष सप्तमी और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
वहीं समिति के सह संयोजक लोकेश अजमेरा ने बताया कि सूर्यमहल में प्रतिदिन सुबह 8:30 से 10 बजे तक गुरु दर्शन एवं धर्म संदेश श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शाम 7 से 8 बजे तक आनंद यात्रा एवं आरती का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


