विकास कार्यों में उपयोगिता, यातायात सुविधा और भविष्य की जरूरतों को आधार बनाने की मांग
भरतपुर। समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने जिला कलेक्टर, भरतपुर को पत्र भेजकर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, लंबित प्रस्तावों और पूर्व में हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में केवल निर्माण पर खर्च करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सरकारी धन का उपयोग जनहित, आवश्यकता, उपयोगिता, यातायात सुविधा और दीर्घकालीन परिणामों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
गुप्ता ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना की सफलता इस बात से तय होती है कि उससे आमजन को कितना वास्तविक लाभ मिल रहा है। ऐसे में जिन परियोजनाओं पर सरकारी धन खर्च हो रहा है, उनकी तकनीकी और व्यावहारिक उपयोगिता की समीक्षा भी समय-समय पर की जानी चाहिए।
शीशम तिराहा विकास कार्य की उपयोगिता पर सवाल
सीताराम गुप्ता ने शीशम तिराहा के विकास कार्य पर खर्च की जा रही धनराशि की उपयोगिता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्वरूप में इस कार्य का अपेक्षित जनहितकारी परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने मांग की कि शीशम तिराहा विकास कार्य की तकनीकी, यातायात और वित्तीय उपयोगिता की पुनः समीक्षा कराई जाए। आवश्यकता होने पर डिजाइन और कार्ययोजना में आवश्यक संशोधन किया जाए। गुप्ता ने कहा कि सरकार पर पहले से वित्तीय दायित्व हैं, इसलिए प्रत्येक विकास कार्य में सरकारी धन के सदुपयोग की सुनिश्चितता जरूरी है।
लुपिन चौराहे पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित
पत्र में लुपिन चौराहा क्षेत्र में अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया है। गुप्ता के अनुसार अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो रहा है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से समयबद्ध अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
लोहागढ़ चौपाटी जल्द शुरू करने की मांग
घना के सामने विकसित लोहागढ़ चौपाटी के अभी तक शुरू नहीं होने पर भी गुप्ता ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब उसका प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो।
उन्होंने मांग की कि लोहागढ़ चौपाटी को जल्द शुरू किया जाए और इसके संचालन एवं रखरखाव के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि परियोजना पर खर्च किए गए सरकारी धन का लाभ आमजन को मिल सके।
गिग वर्कर्स के लिए विकसित हों विश्राम स्थल
सीताराम गुप्ता ने शहर में डिलीवरी और अन्य सेवाओं से जुड़े गिग वर्कर्स के लिए सुरक्षित एवं सुविधायुक्त विश्राम स्थलों की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि विश्राम स्थलों के लिए स्थान चिन्हित कर प्रशासन को पहले ही अवगत कराया जा चुका है।
उन्होंने मांग की कि चिन्हित स्थानों पर छायादार एवं आवश्यक सुविधाओं से युक्त विश्राम स्थल विकसित करने की समयबद्ध योजना बनाई जाए। इससे डिलीवरी सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
घना से राजेन्द्र नगर मार्ग पर स्लिप लेन का सुझाव
गुप्ता ने घना के सामने से राजेन्द्र नगर की ओर जाने वाली सड़क की यातायात व्यवस्था में सुधार का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण वाहन चालकों को अनावश्यक रूप से ट्रैफिक लाइट पर रुकना पड़ता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि छतरी के बगल से स्लिप लेन विकसित की जाए, जिससे राजेन्द्र नगर की ओर जाने वाले वाहनों को अनावश्यक रुकावट से राहत मिल सके और यातायात का प्रवाह भी सुचारू हो।
गुप्ता ने जिला प्रशासन से सभी प्रस्तावों और समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए विकास योजनाओं में जनहित, उपयोगिता और सरकारी धन के सदुपयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

