More
    Homeराजस्थानअलवर32 वर्षीय महिला ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, बहन ने...

    32 वर्षीय महिला ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, बहन ने लगाया हत्या का आरोप

    खेत में पेड़ से लटका मिला महिला उषा यादव का शव, पति पर मारपीट के गंभीर आरोप; पुलिस जांच में जुटी

    अलवर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में शनिवार सुबह एक 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय, अलवर पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

    मृतका की पहचान उषा यादव, पत्नी राजकुमार यादव, निवासी अहमदपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उषा शनिवार सुबह घर से खेत की ओर गई थी। परिजनों को उसके घर से बाहर जाने की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान सुबह कुछ महिलाएं खेत की ओर कचरा डालने गईं, जहां उन्होंने उषा को पेड़ पर फंदे से लटका देखा। महिलाओं ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।

    घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

    पति पर मारपीट के गंभीर आरोप

    बताया जा रहा है कि मृतका का पति राजकुमार यादव खेती-बाड़ी का काम करता है और शराब का आदी बताया जा रहा है। वहीं मृतका की बहन राजवंशी ने अपने जीजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

    राजवंशी का आरोप है कि राजकुमार उसकी बहन उषा के साथ मारपीट करता था। उसने बताया कि जब वह उषा को अपने साथ ले जाने के लिए उसके घर गई थी, तब उसके साथ भी मारपीट की गई और उसे घर से भगा दिया गया।

    मृतका की बहन ने उषा की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

    दो छोटे बेटों के सिर से उठा मां का साया

    उषा की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मृतका के दो छोटे बेटे हैं। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    पुलिस जांच के बाद सामने आएगी मौत की वजह

    फिलहाल अकबरपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ मृतका की बहन की ओर से लगाए गए हत्या और मारपीट के आरोपों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here