अमनप्रीत कौर ने भाजपा समर्थित सुशीला को 6 वोट से हराया, एक दिन पहले प्रधान पद पर भी कांग्रेस ने दर्ज की थी जीत
नौगांवा। पंचायत समिति मुबारिकपुर में प्रधान के बाद उपप्रधान पद पर भी कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया। शनिवार को हुए उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की अमनप्रीत कौर ने भाजपा समर्थित सुशीला को 6 वोट से हराकर जीत दर्ज की। इससे पहले शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की जाहिरा खान ने मात्र एक वोट के अंतर से जीत हासिल की थी। दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस की जीत से पंचायत समिति में पार्टी का दबदबा कायम हो गया है।
उपप्रधान पद के लिए कांग्रेस की ओर से अमनप्रीत कौर मैदान में थीं, जबकि निर्दलीय चुनाव जीतकर आईं सुशीला ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में दावेदारी की। मतदान के बाद हुई मतगणना में अमनप्रीत कौर को 10 और सुशीला को 4 वोट मिले। एक सदस्य ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। इस तरह अमनप्रीत कौर ने 6 वोट के अंतर से जीत हासिल की।
चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई। प्रधान और उपप्रधान दोनों पद कांग्रेस के खाते में जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।


