More
    Homeराज्यबिहारआपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला, व्यक्ति की मौत, दामाद हिरासत...

    आपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला, व्यक्ति की मौत, दामाद हिरासत में

    सीतामढ़ी। सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में देर रात आपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला किए जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनपुर वार्ड संख्या-15 निवासी हबीब अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के दामाद मोहम्मद दानिश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हबीब अंसारी का अपने दामाद मोहम्मद दानिश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दानिश बेलसंड थाना क्षेत्र के मौलानगर का रहने वाला बताया गया है। विवाद बढ़ने के दौरान दानिश ने हबीब अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हबीब अंसारी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मेजरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दानिश को हिरासत में ले लिया। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद रतनपुर गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। हत्या की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया है कि वारदात में दानिश के साथ गांव का एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। मेजरगंज थानाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस विवाद के वास्तविक कारण का पता लगाने के साथ ही घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here