More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में कांग्रेस का महा-शक्ति प्रदर्शन,65 वार्डों से टिकट के लिए पहुंचे...

    अलवर में कांग्रेस का महा-शक्ति प्रदर्शन,65 वार्डों से टिकट के लिए पहुंचे सैंकड़ो लोग

    अलवर कार्यालय पर सैकड़ों दावेदारों ने दिखाई ताकत, जूली बोले—जिताऊ और मजबूत उम्मीदवार को मिलेगा पार्टी का टिकट

    अलवर। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के मोती डूंगरी स्थित कार्यालय पर उस समय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार पहुंच गए, जब नगर निगम के 65 वार्डों सहित सरपंच पद के लिए पार्टी टिकट की दावेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी हुई। कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जूली का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया।

    टिकट की दावेदारी को लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं में अपने-अपने वार्ड से खुद को मजबूत प्रत्याशी बताने की होड़ नजर आई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पार्टी ने नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।

    जिताऊ उम्मीदवार को प्राथमिकता का दावा

    मीडिया से बातचीत में टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस की चुनावी तैयारी पूरी है और पार्टी का लक्ष्य अलवर नगर निगम में बहुमत हासिल कर कांग्रेस का बोर्ड बनाना है।

    जूली ने कहा कि पार्टी टिकट वितरण में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी जो मजबूत और जिताऊ हों। उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और PCC अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेशभर में पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। पर्यवेक्षकों द्वारा प्रत्येक क्षेत्र से तीन-तीन नामों का पैनल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर टिकटों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि कार्यालय पर उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ कांग्रेस के प्रति कार्यकर्ताओं के उत्साह को दर्शाती है।

    चुनाव प्रक्रिया को लेकर सरकार पर लगाए आरोप

    टीकाराम जूली ने नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने नामांकन और प्रचार के लिए कम समय दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्षद चुनाव के परिणाम और मेयर चुनाव के बीच कई दिनों का अंतर रखा गया है।

    जूली ने आरोप लगाया कि यह अंतर पार्षदों पर दबाव बनाने, खरीद-फरोख्त और डराने-धमकाने की संभावनाओं को बढ़ाता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर धनबल के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

    परिवारवाद के मुद्दे पर भाजपा पर पलटवार

    परिवारवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर जूली ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस में टिकट वितरण के दौरान पार्टी के प्रति वफादार कार्यकर्ता और जिताऊ उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।

    उन्होंने भाजपा पर परिवारवाद को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन में उनकी सक्रियता और चुनाव जीतने की क्षमता के आधार पर मौका देने की कोशिश करेगी।

    जेसीबी और सफाई व्यवस्था को लेकर भी घेरा

    जूली ने अलवर की नगर निगम व्यवस्था को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अलवर में डबल इंजन नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन सरकार रही है, जिसमें नगर निगम का भाजपा बोर्ड भी शामिल है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में जेसीबी खरीद और सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। जूली ने हाल की बारिश का हवाला देते हुए कहा कि शहर में जलभराव ने सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने ला दी।

    उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था पर खर्च बढ़ने के बावजूद जमीन पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। जूली ने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को चुनाव में जनता के बीच लेकर जाएगी।

    सरकार के भीतर खींचतान का भी लगाया आरोप

    नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार के कामकाज को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के भीतर ही आपसी खींचतान की स्थिति बनी हुई है और मंत्री अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ रहे हैं।

    जूली ने दावा किया कि अधिकारियों को लेकर सरकार के स्तर पर दबाव की स्थिति है और इसका असर प्रशासनिक कामकाज पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई घोषणाएं अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं।

    उन्होंने राज्य पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जबकि सरकार अपने बजट के प्रभावी उपयोग में विफल रही है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here