सोनभद्र| सोनभद्र जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ओबरा डैम का जलस्तर बढ़कर 193.22 मीटर तक पहुंच गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बुधवार देर रात करीब 2:25 बजे डैम का एक गेट खोलना पड़ा। डैम के गेट नंबर आठ को तीन फीट तक खोलकर रेणुका नदी में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि जलस्तर में और अधिक वृद्धि होती है, तो जरूरत के अनुसार अन्य गेटों को भी खोला जा सकता है।
तटवर्ती इलाकों में पहले ही जारी किया गया था अलर्ट
इससे पहले बुधवार को ही डैम का जलस्तर बढ़ने की गंभीर संभावना को देखते हुए आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों के लिए विशेष चेतावनी जारी कर दी गई थी। प्रशासन ने रेणुका नदी के किनारे बस्तियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल, इंजीनियरों और अधिकारियों की टीम द्वारा डैम के जलस्तर और पानी के बहाव पर लगातार पैनी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।


