More
    Homeराजस्थानअलवररक्षाबंधन पर महिलाओं-बालिकाओं को रोडवेज की सौगात, दो दिन मुफ्त सफर

    रक्षाबंधन पर महिलाओं-बालिकाओं को रोडवेज की सौगात, दो दिन मुफ्त सफर

    रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा 28-29 अगस्त को रहेगी लागू, अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था

    अलवर। रक्षाबंधन के पर्व पर राजस्थान रोडवेज की ओर से महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी सौगात दी गई है। इस बार महिलाएं और बालिकाएं 28 एवं 29 अगस्त को राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा 27 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से शुरू होकर 29 अगस्त की रात 11:59 बजे तक लागू रहेगी।

    रोडवेज की ओर से दी जा रही यह निशुल्क यात्रा सुविधा केवल राजस्थान की सीमा तक मान्य होगी। वहीं यह छूट राजस्थान रोडवेज की साधारण एवं एक्सप्रेस श्रेणी की बसों में ही उपलब्ध रहेगी।

    रक्षाबंधन पर बढ़े यात्री भार को लेकर तैयारी

    अलवर आगार के मुख्य समयपालक नरेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि राज्य सरकार और रोडवेज मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए दो दिन निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है।

    उन्होंने बताया कि 28 और 29 अगस्त को रोडवेज की साधारण एवं एक्सप्रेस बसों में महिलाएं और बालिकाएं बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सुविधा का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को अपने गंतव्य तक सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।

    अधिक यात्री भार पर चलेंगी अतिरिक्त बसें

    रक्षाबंधन के दौरान रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए अलवर आगार की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारियों के अनुसार, यात्री भार के आधार पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

    रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। रक्षाबंधन के दौरान विभिन्न मार्गों पर यात्री भार बढ़ने के साथ अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

    राजस्थान सीमा तक ही मिलेगी निशुल्क सुविधा

    रोडवेज अधिकारियों के अनुसार निशुल्क यात्रा का लाभ राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में राजस्थान की सीमा के भीतर ही लिया जा सकेगा। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले बस की श्रेणी और निर्धारित मार्ग की जानकारी रखना जरूरी होगा।

    रक्षाबंधन पर रोडवेज की इस पहल से अपने मायके जाने वाली महिलाओं और बहनों को खास राहत मिलने की उम्मीद है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here