रक्षाबंधन महापर्व पर श्रेयांसनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक के साथ मनाया श्रमण संस्कृति रक्षक दिवस
जयपुर। दिगंबर जैन मंदिर महारानी फार्म, गायत्री नगर जयपुर में गुरुवार को रक्षाबंधन महापर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में देवाधिदेव 1008 श्री श्रेयांसनाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक तथा परम पूज्य आचार्य अकंपाचार्य एवं आचार्य श्री विष्णु कुमार महामुनिराज के वात्सल्य से जुड़े प्रसंग के अंतर्गत अकंपाचार्यादि 700 महामुनियों की पूजा की गई।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि कार्यक्रम में श्रेयांसनाथ भगवान, अकंपाचार्यादि 700 मुनियों एवं वात्सल्य महामुनिराज विष्णु कुमार जी की पूजा विधि-विधान से की गई। सोधर्म इंद्र के रूप में संजय-नीलम ठोलिया, आयुषी सोनी परिवार, कुबेर इंद्र आलोक-प्रमिला तथा अरुण-ज्योति शाह परिवार ने धार्मिक क्रियाओं में सहभागिता की।
इसके अलावा द्रव्य पुण्यार्जक सुनील-लता सोगनी परिवार सहित बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया। पूजा के पश्चात मंडल पर 700 अर्घ्य समर्पित किए गए। उपस्थित इंद्र-इंद्राणियों ने भी अर्घ्य अर्पित कर धर्मलाभ लिया।
रक्षाबंधन महापर्व की परंपरा से कराया परिचित
समस्त मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री ने संपन्न कराईं। उन्होंने रक्षाबंधन महापर्व के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि यह महापर्व हस्तिनापुर में अकंपनाचार्य आदि 700 मुनियों पर आए घोर उपसर्ग और उनकी रक्षा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि तत्कालीन नवें महापद्म चक्रवर्ती के समय मंत्रियों ने छलपूर्वक सात दिन का राज्य मांगा और इसके बाद 700 मुनियों पर घोर उपसर्ग किया गया। उस समय वात्सल्य महामुनिराज विष्णु कुमार ने मुनियों की रक्षा की। इसी घटना की स्मृति में रक्षाबंधन महापर्व मनाए जाने की परंपरा मानी जाती है।
उन्होंने बताया कि इसी महापर्व को श्रमण संस्कृति रक्षक दिवस के रूप में मनाने की प्रेरणा परम पूज्य निर्यापक मुनि सुधासागर जी महाराज ने दी है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं धार्मिक भावनाओं के साथ पूजा-अर्चना की और मुनिराजों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
समस्त कार्यक्रम का संचालन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने किया। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को भगवान श्रेयांसनाथ जी के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर सामूहिक निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 6:15 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद आयोजित होगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


