भाजपा की कार्रवाई पर टीकाराम जूली ने उठाए सवाल, राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने का किया दावा
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की निंदा करते हुए इसे भाजपा के सत्ता के अहंकार और दमनकारी मानसिकता का परिचायक बताया है। जूली ने कहा कि दलितों और वंचित वर्गों के सम्मान के लिए आवाज उठाने वालों को परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है।
टीकाराम जूली ने अपने बयान में कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद सभास्थल का कथित रूप से शुद्धीकरण किया जाना सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा पर गंभीर प्रहार है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।
जूली ने आरोप लगाया कि अपमान की शिकायत को अनसुना करना और न्याय मांगने वालों पर मुकदमे दर्ज करवाना सत्ता के अहंकार और दमनकारी सोच को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार भेदभाव को रोकना चाहती है या फिर उसके खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाना चाहती है।
दलितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों का मुद्दा उठाया
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि दलितों के साथ छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के गरीबों, दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों का सम्मान किसी सरकार की मेहरबानी नहीं, बल्कि उनका संवैधानिक अधिकार है।
जूली ने कहा कि सामाजिक न्याय और समानता के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव के जरिए विपक्ष और सामाजिक न्याय की आवाज को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखने का दावा
टीकाराम जूली ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी दमन की किसी भी नीति से डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी देश के संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद रखेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कमजोर, वंचित और दलित वर्गों के सम्मान तथा अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और किसी भी दबाव के सामने पीछे नहीं हटेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


