बुलंदशहर| उत्तर प्रदेश की शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 4 बार विधायक रह चुके अनिल शर्मा के निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्राम प्रधान से लेकर कैबिनेट मंत्री तक का राजनीतिक सफर
बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा अंतर्गत सुरजावली गांव के मूल निवासी अनिल शर्मा ने काफी कम उम्र में निर्विरोध ग्राम प्रधान बनकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वे पहली बार वर्ष 2002 में खुर्जा सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद वर्ष 2007 में भी वे इसी सीट से दोबारा बसपा के विधायक बने।
योगी सरकार में संभाली वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री की जिम्मेदारी
वर्ष 2012 में शिकारपुर सीट से चुनाव हारने के बाद अनिल शर्मा बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से चुनाव जीते और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री बनाए गए। वर्ष 2022 में उन्होंने पुनः इसी सीट से भाजपा के प्रत्याशी के रूप में शानदार जीत दर्ज की थी।


