यमुनानगर : मॉडल टाउन की एक शांत सुबह उस वक्त अचानक चीख-पुकार और दहशत में बदल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी और हत्या के इरादे से आए थे। उन्होंने पीड़ित को संभलने का एक पल भी मौका नहीं दिया।
घात लगाकर बैठे थे बाइक सवार शूटर
सुबह करीब साढ़े सात बजे जब 60 वर्षीय हरभजन सिंह जिम से बाहर निकले, तो उन्हें अंदेशा भी नहीं था कि बाहर मौत उनका इंतजार कर रही है। बाइक पर मुंह पर कपड़ा बांधे खड़े दो शूटरों ने उन्हें देखते ही पिस्तौल तान दी। पहली गोली चलते ही हरभजन सिंह अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर अपनी कार की तरफ भागे और गाड़ी की ओट लेने का प्रयास किया।
बोनट पर लगीं गोलियां, फिर नजदीक से किया पॉइंट-ब्लैंक फायर
बदमाशों के सिर पर खून सवार था। भागते हुए हरभजन पर चलाई गई गोलियों में से दो सीधे कार के बोनट पर जा लगीं। जैसे ही हरभजन कार के पास लड़खड़ाए, एक शूटर दौड़ते हुए उनके ठीक सामने पहुंचा और बेहद करीब से उनके सिर और सीने को निशाना बनाकर लगातार कई राउंड फायर झोंक दिए। करीब 8 राउंड की ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा। खून से लथपथ हरभजन जमीन पर गिर पड़े और आरोपी हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए।
दहशत में आए लोग, रास्ते में ही थमीं सांसें
अंधाधुंध गोलाबारी से आसपास मौजूद लोग और स्थानीय दुकानदार जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे। गोलियों की आवाज थमने के बाद जब लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हरभजन सिंह अचेत हो चुके थे। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
रंजिश या सुपारी किलिंग की आशंका
जिस बेखौफ अंदाज में पॉश इलाके में इस वारदात को अंजाम दिया गया, उससे स्पष्ट है कि शूटरों ने कई दिनों तक हरभजन की रेकी की थी। उन्हें उनके जिम आने-जाने के समय की सटीक जानकारी थी। फाइनेंस के लेन-देन में रंजिश या फिर किसी संगठित गिरोह द्वारा सुपारी देकर कराई गई हत्या, पुलिस अब इन दोनों ही पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


