More
    Home‘जनता का विश्वास मेरी ताकत, वार्ड का विकास मेरी प्राथमिकता’

    ‘जनता का विश्वास मेरी ताकत, वार्ड का विकास मेरी प्राथमिकता’

    वार्ड 15 की भाजपा प्रत्याशी रीना से मिशन सच न्यूज नेटवर्क की सीधी बातचीत

    विकास के मुद्दों पर रखी अपनी बात

    मनीष मिश्रा, मिशन सच न्यूज , खैरथल

    खैरथल। नगर परिषद खैरथल के चुनाव 9 सितंबर को होने हैं। चुनावी माहौल के बीच वार्ड नंबर 15 से भाजपा प्रत्याशी रीना ने मिशन सच न्यूज नेटवर्क से सीधी बातचीत में वार्ड की समस्याओं और विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि चुनाव उनके लिए केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर सेवा करने का अवसर है।

    सवाल—आप चुनाव क्यों लड़ रही हैं?

    रीना: वार्ड की समस्याओं को मजबूती से उठाने और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ करवाने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में हूं।

    सवाल—वार्ड 15 की प्रमुख समस्याएं क्या हैं?

    रीना: सफाई व्यवस्था, सड़क-नाली, पेयजल, जलभराव और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

    सवाल—जीतने के बाद आपकी पहली प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?

    रीना: पहले 100 दिनों में सफाई व्यवस्था, सड़क-नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दूंगी।

    सवाल—सफाई व्यवस्था को लेकर आपकी क्या योजना है?

    रीना: नियमित सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था को बेहतर करवाने का प्रयास रहेगा। जहां समस्या होगी, वहां संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाएगा।

    सवाल—महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए क्या करना चाहेंगी?

    रीना: महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनके लिए सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करूंगी।

    सवाल—युवाओं और बच्चों के लिए आपकी क्या सोच है?

    रीना: बच्चों के लिए खेल सुविधाओं और युवाओं के लिए सकारात्मक एवं बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का प्रयास रहेगा।

    सवाल—भाजपा प्रत्याशी होने का वार्ड के विकास में कितना लाभ मिलेगा?

    रीना: पार्टी संगठन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वार्ड की समस्याओं को संबंधित स्तर तक मजबूती से पहुंचाने और विकास कार्यों के लिए आवश्यक सहयोग लेने का प्रयास करूंगी।

    सवाल—बड़े-बड़े वादों के बजाय जनता से आपका क्या संकल्प है?

    रीना: मैं ऐसे वादे नहीं करना चाहती जिन्हें पूरा करना संभव न हो। मेरा प्रयास रहेगा कि जनता की समस्या सुनूं और उसके समाधान होने तक लगातार प्रयास करती रहूं।

    सवाल—यदि प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला तो क्या करेंगी?

    रीना: संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क करूंगी और जरूरत पड़ने पर उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सामने वार्ड की समस्या मजबूती से रखूंगी।

    बाहरी प्रत्याशी के सवाल पर बोलीं—जनता के बीच उपलब्ध रहूंगी

    सवाल—विरोधियों की ओर से आपको बाहरी प्रत्याशी बताया जा रहा है और आपके पति के गुड़गांव में काम करने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। क्या आप जनता को नियमित उपलब्ध रहने का भरोसा देती हैं?

    रीना: मेरे लिए वार्ड की जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। यदि मुझे सेवा का अवसर मिलता है तो मैं जनता के बीच नियमित रूप से उपलब्ध रहने और उनकी समस्याओं को सीधे सुनने का पूरा प्रयास करूंगी। मेरा जवाब विवाद नहीं, बल्कि जनता के बीच मेरी उपलब्धता और काम होगा।

    सवाल—वार्ड की जनता से आपका सीधा संदेश?

    रीना: मैं जनता से केवल वोट नहीं, विश्वास मांग रही हूं। विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए मुझे सेवा का अवसर दें। आपका विश्वास मेरी ताकत और वार्ड का विकास मेरी प्राथमिकता रहेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here